Monday, 18 November 2019

जिम्मेदारियों और समझौतों का सामना करती दो बहनों की कहानी : Siblings


जब हमारे ऊपर जिम्मेदारीयां आती हैं, तब हमें कुछ चीजों से समझौता करना पड़ता है। कठिन समय में हमें अपने घरवालों का साथ देना होता है, जरूरत पड़ने पर उनका खयाल रखना होता है। लेकिन जब धीरे-धीरे परिस्थितियाँ बिगड़ने लगे तब क्या होता है ? क्या हम वैसे ही रह पाते हैं जैसे हम पहले थे ? क्या समझौते की ग्लानि हमें अंदर ही अंदर कचोटती नहीं रहती है ? भले ही हमारे अंदर एक तरह के समझौते की ग्लानि हो, लेकिन हम इस बात से नहीं भाग सकते कि ये समझौता भी किसी ऐसे के लिए था जिसे ना करने पर हम एक और ग्लानि का शिकार हो जाते। 
      
       कुछ ऐसी ही परिस्थितियों के आस-पास घूमती है, शीतल मेनन द्वारा निर्देशित शाॅर्ट फिल्म 'Siblings'। दो बहनें कोमा में जा चुके अपने पिता की देखभाल करती हैं। दोनों बहनों के साथ में उनकी दादी भी हैं, जिनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। एक बहन बाहर जाॅब करती है, तो वहीं दूसरी बहन घर से बैठकर अपने start-up के लिए काम करती है। धीरे-धीरे पैसों की होती कमी, boyfriend का छोड़ कर चला जाना और काम का सही ढंग से ना हो पाना। इन सभी परेशानियाें का दोनों बहने सामना करती हैं और फिर आगे चलकर कभी खर्चे को लेकर लड़ाईयां होने लगती हैं, तो कभी responsibilities को लेकर। दादी हर लड़ाई को मूक दर्शक बन कर देख रही होती हैं और अंत में सब सही कर देती हैं। लेकिन सब सही करने के बाद भी उनके मन में एक गहरा दुःख होता है।
    
             शीतल मेनन की इस फिल्म में त्याग है, प्रेम है, जिम्मेदारीयां हैं, समझौता है, झुंझलाहट है, मजबूरी है, अवसाद है, व भावनाओं का एक पूरा सागर है। इस तरह की परिस्थितियों का सामना हममें से बहुतों ने किया होगा और हम जान सकते हैं ये कितना मुश्किल है। शीतल मेनन ने इस फिल्म के माध्यम से किसी परिवार की आंतरिक परेशानियों को बखूबी प्रदर्शित किया है। फिल्म के स्क्रीनप्ले व संवाद भावनाओं को बहुत अच्छे से उकेरते है़ं। कुछ सीन्स बिना किसी संवाद के बहुत कुछ कह जाते हैं, और मैं इसे शार्ट फिल्मों की खासियत समझता हूं। यहां दृश्य व चेहरे के हाव-भाव सब कुछ बता देते हैं। इस फिल्म में बस एक चीज की कमी खलती है और वो है संगीत। यदि इस फिल्म में संगीत होता, तो थोड़ा सा गहरापन और आ जाता। 

Sunday, 17 November 2019

आंतरिक व बाह्य संघर्षों की कार्यस्थली : मसान



'मसान' एक ऐसी जगह जहाँ जाना तो कोई नहीं चाहता, लेकिन एक न एक दिन जाना सभी को पड़ता है। चारों तरफ जलती लाशें और उन लाशों में से सुनायी देती खोपड़ियों की फटती हुयी आवाजें। बड़ा ही भयानक मंजर होता है उनके लिए, जिसने आज तक कभी ये सब देखा नहीं है। लेकिन वहाँ पर कुछ ऐसे भी हैं, जिनके लिए यही लाशें उनकी रोजी-रोटी का आधार हैं, उनके जीने का जरिया हैं। मसान ही उनकी कार्यस्थली है, जहाँ वे दूसरों के मुक्त होने की प्रक्रिया में अपना योगदान निभाते हैं। जीवन, कर्म और मृत्यु इन्हीं तीनों के चारों ओर बुनी गयी है नीरज घेवान द्वारा निर्देशित फिल्म 'मसान' की कहानी। जहाँ पर 'मसान' स्वयं एक भूमिका अदा करता है। 
      
            फिल्म दो किरदारों की कहानियों को साथ लेकर चलती है। पहली कहानी एक लड़की देवी की है, जो अपनी कुछ परिस्थितियों की वजह से एक भ्रष्ट पुलिसवाले का शिकार बन जाती है। देवी और उसके साथी को पुलिस एक होटल में पकड़ती है और उनके साथ बुरा व्यवहार करती है। लड़का घबराकर सुसाइड कर लेता है और एक भ्रष्ट पुलिसवाला इस बात को लेकर देवी व उसके पिता को ब्लैकमेल करता है। दूसरी कहानी एक निम्मनवर्गीय लड़के दीपक की है, जिसका परिवार घाटों पर मुर्दा जलाने का काम करता है। दीपक एक उच्च जाति की लड़की शालू से प्रेम कर बैठता है और डर की वजह से लड़की को अपनी सच्चाई नहीं बताना चाहता। लेकिन जब लड़की सच्चाई जानती है, तो उसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो कौन है, किस जाति का है, कहाँ रहता है ? इससे प्रेम का असल रूप चरितार्थ होता है। दीपक को धक्का तब लगता है, जब एक दुर्घटना में शालू की मौत हो जाती है और उसका मृत शरीर दीपक ही जला रहा होता है। 

          इस फिल्म में एक पिता की अपनी बेटी को बचाने की जद्दोजहद, एक बेटी की अपने पिता की नजरों में खुद को सही साबित करने की कोशिश, दो लोगों के बीच प्रेम और अपने प्रेमी के खो जाने के गहरे दु:ख की निराशा है। इसके साथ-साथ खुद को परिस्थितियों से निकालकर आगे बढ़ने का संघर्ष भी है।
        दोनों कहानियों की पृष्ठभूमि बनारस है, जो किरदारों और घटनाओं को बिल्कुल करीब से महसूस कराती है। फिल्म के कुछ सीन्स ऐसे हैं जो हमारे अंदर सिरहन पैदा करते हैं। जैसे घाटों पर जलती हुयी लाशों का दृश्य जहाँ पर जीवन, कर्म और मृत्यु तीनों को एक साथ देखा जा सकता है। इस फिल्म में किसी इंसान के आंतरिक और बाह्य दोनों तरह के संघर्षों को बड़ी बखूबी से पर्दे पर उतारा गया है। दोनों कहानियाँ भले ही अलग-अलग चल रही होती हैं, लेकिन वो कहना एक ही बात चाहती हैं। फिल्म के अंत में दोनों किरदारों और कहानियों का संगम पर मिलन होता है और संगम का ये दृश्य भी कुछ कह रहा होता है। जो कि अंतिम गीत 'भोर' के माध्यम से सुनायी देता है। 

         इस फिल्म में हर एक किरदार अपनी प्रबल छाप छोड़ता है। संजय मिश्रा ने एक मध्यमवर्गीय परिवार के पिता के रूप में खुद को बहुत अच्छे से व्यक्त किया है और अपनी अदाकारी के गुण को साबित किया है। देवी के किरदार में रिचा चड्ढा ने पूरी ईमानदारी दिखायी है और विकी कौशल का अभिनय लाजवाब है, खासकर दो-तीन सीन्स में तो उन्होंने बहुत ही उम्दा लेवल की अदाकारी की है। वरूण ग्रोवर के लिखे गये शब्दों में जादू है, वो एक अलग तरह के दार्शनिकता का अहसास कराते हैं। इस फिल्म के सभी गीत और 'इंडियन ओसियन' का संगीत फिल्म के साथ जुड़ाव को और भी गहरा करता है।

Saturday, 16 November 2019

ख्वाहिशों व प्रेम के अंतर्जाल में बुनी जनार्दन की कहानी : रॉकस्टार




" तू सबकी ज़िन्दगी उठा के देख ले, जितने भी हैं संगीतकार, गायक, आर्टिस्ट, पेंटर, राईटर। इन सबमें एक ऐसी चीज है, जो काॅमन मिलेगी तुझे......दु:ख, दर्द, आँसू। " इतना सुनकर जनार्दन निकल पड़ता है किसी ऐसे की तलाश में जो उसका दिल तोड़ दे। उसे हीर मिलती है, जो उसका दिल तोड़ती है और फिर वो बड़े नाटकीय अंदाज में अपने आप को बयाँ करता है। जैसे उसे कोई दुःख हो ही नहीं। फिर दोनों मिलते हैं, दोस्ती होती है और फिर लड़की शादी करके चली जाती है। लड़का घर के काम में लग जाता है और वो अपने संगीत से दूर हो जाता है। वही होता है जो सालों से होता आया है, एक ख्वाहिश को दबा दिया जाता है। पर लड़के का दिल तो अभी भी नहीं टूटता। दिल तो तब टूटता है, जब लड़के को चोरी के इंजाम में घर से बाहर निकाल दिया जाता है। यहाँ संगीत फिर साथ देने आता है, और जनार्दन बन जाता है जार्डन द राॅकस्टार। जार्डन वो नाम जिसे हीर ने ही उसे दिया था। हीर के लिए वो प्राग जाता है, वही सब होता है जब बिछड़े प्रेमी दोबारा मिलते हैं। लेकिन यहाँ राॅक्स्टार प्रेम के चक्कर में उग्र हो जाता है और वही करता है जो उसका दिल करता है और एक सेलेब्रिटी से ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। जनार्दन को दर्द तो मिल गया और उसका सहारा लेकर उसने बहुत कुछ पा भी लिया। लेकिन उसके पास एक ऐसा दर्द भी है जिससे वो निकल नहीं पाता। उस दर्द के आगे सब कुछ छोटा है, कोई नेम नहीं, कोई फेम नहीं, कोई पैसा नहीं।

इम्तियाज अली की स्टोरीटेलिंग लाजवाब है, वो कहानी को परत दर परत बुनते हैं और हर एक परत एक दूसरे से जुड़ा हुआ होता है। उनके निर्देशन की शैली कमाल की है और स्थानों का चुनाव भी शानदार है। इनकी फिल्म में मस्ती, खुशी, दु:ख, दर्द और प्रेम सब कुछ सही सही मात्रा में मिल जायेगा। रणबीर कपूर ये वो नाम है, जिसने एक बड़े फिल्मी परिवार से आने के बावजूद अपना मुकाम अपने दम पर हासिल किया है। इन्होंने सबको दिखा दिया है कि अच्छा मुकाम हासिल करने के लिए टैलेंट की भी अहमियत होती है। ये भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के उन स्टार्स में से हैं, जो स्टार होने के साथ-साथ एक अच्छे एक्टर भी हैं। इस बात का सबूत इस फिल्म को देखने के बाद पता चल जायेगा। इस फिल्म में उन्होंने कई शेड्स में अपने कलाकारी का प्रभाव छोड़ा है।  पीयूष मिश्रा तो पीयूष मिश्रा है, वो किसी भी फिल्म में हों चाहे कितने भी देर के लिए हो, उनकी अदाकारी हमेशा ही प्रभावित करती है। फिल्म में शम्मी कपूर का कुछ सीन्स में होना फिल्म में चार चाँद लगा देता है।

यदि हम इस फिल्म में से संगीत को और गानों को निकाल दे, तो ये फिल्म वैसी ही हो जायेगी जैसे बिना दिल और फेफड़ों के कोई बेजान शरीर होता है। इसीलिए इस पूरी फिल्म में इनकी बहुत बड़ी भूमिका है। इरशाद कामिल और ए.आर. रहमान की जुगलबंदी ने कमाल कर दिया है।  इसमें कोई अकेला ऐसा गाना नहीं है, जो कहा जा सके कि ये यहाँ पर नहीं होता तो भी अच्छा होता। 'कुन फाया कुन' एक ऐसा गीत है जो खुद को नि:स्वार्थ बनाता है, इसको सुनते हुए एक आजादी की भावना प्रकट होती है...ऐसी आजादी जो हमारे नहीं होने में है।

Thursday, 7 November 2019

गिरमिटियों के संघर्ष की कहानी कहती : कुली लाइन्स


गिरमिटिया, स्कूल के दिनों में जब ये नाम सुना था तो इनके बारे में सिर्फ इतना पता था कि ये वो लोग थे जिनको देश के बाहर मजदूरी करने के लिए ले जाया गया और वहां पर उनका शोषण किया गया। उस समय ना ही हमने इसके पीछे की परिस्थितियों को जानने की कोशिश की और ना ही हमारे अन्दर इसे लेकर कोई उत्सुकता थी, क्योंकि तब ये गिरमिटिया हमारे लिए सिर्फ एक syllabus का हिस्सा भर थे। लेकिन अब जब इतिहास को जानने व समझने की थोड़ी उत्सुकता बढ़ चुकी है तो लगता है की हमें इनके बारे में जानना चाहिए, क्योंकि इनके बिना हमारा इतिहास अधूरा है।
        प्रवीण कुमार झा द्वारा लिखी गयी किताब “कुली लाइन्स” इन्हीं गिरमिटियों के बारे में है। ये उन भारतीयों की कहानी कहती है जो आज से दो सौ साल पहले भारत से ले जाकर विश्व के कोने-कोने में पटक दिये गए। जिन्हें वहां पर सिर्फ मशीन समझा जाता था और कुछ नहीं। भले ही इन मजदूरों के वंशज आज वहां अच्छी-खासी स्थिति में हों, लेकिन इन मजदूरों ने वहां पर काफी जुल्म सहे थे। अंग्रेज, फ्रेंच और डच लोग इनके साथ इंसानों की तरह बर्ताव नहीं करते थे। वहां पर उनके अधिकार ना के बराबर थे और यदि थे भी तो वे एग्रीमेंट के साथ बंधे हुए थे और इतने पढ़े-लिखे भी नहीं थे कि अपने अधिकारों को समझ सकें। उन वीराने द्वीपों में इनका जमकर शोषण किया जाता था।
         इस किताब में इन लोगों का इतिहास है, उन परिस्तिथियों का वर्णन है जिसने इन्हें पलायित होने पर मजबूर किया और साथ ही साथ एक नयी तरह की संस्कृति के उद्गम व विकास की यात्रा भी है। किताब में कुछ सवाल पूछे गए हैं, जैसे जातिवाद जिसकी जड़ें भारत में अभी भी चारों तरफ पसरी हुई हैं, आखिर इन सुदूर देशों व द्वीपों में ये जातिवाद कैसे ख़त्म हो गया वो भी इन मजदूर वर्ग के लोगों के द्वारा, जो पढ़े लिखे भी नहीं थे ? और भारत मजदूरों के लिए बेहतर विकल्प क्यों था ? इन सभी सवालों के जवाब आगे चलकर मिल जाते हैं।
         किताब को पढ़ते वक़्त पता चलता है कि कैसे कुछ एजेंट जिन्हें अरकाटी कहा जाता था, लोगों को बहला-फुसला कर अपने साथ ले जाते थे। ये एजेंट लोगों को कोलकाता ले आते थे जहाँ पर इन्हें डिपो में रखा जाता था, वहां से इन्हें जहाजों पर बिठाकर अलग-अलग द्वीपों पर भेज दिया जाता था। इस किताब में रियूनियन द्वीप, मारीशस, फिजी, गुयाना, ट्रिनिडाड, टोबैगो, जमैका, सूरीनाम, यूगांडा के अलावा और भी अन्य द्वीपों के गिरमिटियों की कथा कही गयी है। इसके साथ ही सिक्खों के प्रवास को लेकर भी एक अध्याय समर्पित है। कई जगहों पर माहौल एक जैसा था तो कुछ जगहों पर बिल्कुल ही अलग। कहीं पर मजदूरों का शोषण बहुत ज्यादा हुआ तो कहीं पर ज्यादे से थोड़ा कम। द्वीपों के साथ- साथ मजदूरों का शोषण जहाजों पर भी होता था, खासकर महिलाओं का। जहाज पर गोरे अधिकारी, डॉक्टर, सरदार सभी महिलाओं के साथ जबरदस्ती करते थे। हालांकि उनमे कुछ ऐसे भी थे जो मजदूरों की वास्तव में मदद करते थे। ऐसा नहीं है कि मजदूर अपने विरुद्ध हो रहे शोषण का विद्रोह नहीं करते थे। यहाँ पर कई ऐसी घटनाओं का जिक्र है जहां पर मजदूरों ने संघटित होकर विद्रोह किया और कुछ अधिकारीयों को जान से भी मार डाला। ऐसा ही महिलाओं ने भी किया। लेकिन ज्यादातर विद्रोहों को बलपूर्वक दबा दिया जाता था।
        जब भारत से लाये गए गिरमिटिया इन द्वीपों पर रहने लगे तो उनकी संस्कृतियों में भी कुछ बदलाव आया। कुछ चीजें वैसी ही रहीं तो कुछ बदल गयी। इनकी भाषाओं में कुछ स्थानीय शब्द जुड़ गए। संगीत ने भी नया रूप लिया जिसे “चटनी म्यूजिक” के नाम से जाना गया। कुछ नए समुदायों ने भी जन्म लिया। इस किताब में जमैका के ‘रस्ताफेरियन’ समुदाय का भी जिक्र है। इस समुदाय के लोगों ने हिन्दू साधुओं की तरह बालों में जटा बनाना शुरू किया। जिसे बॉब मार्ले जैसे रस्ताफेरियन ने लोकप्रिय बनाया।
        भले ही लोगों को अपने देश से विस्थापित होने का का दुःख था, लेकिन इस विस्थापन से उन्हें कुछ फायदे भी हुए। जिसमे जाति-प्रथा का ख़त्म होना व लोगों का समृद्ध होना भी शामिल है। जैसे किताब में एक जगह एक नवयुवक का जिक्र आता है, जो बिहार के किसी गाँव से निकलकर सुदूर देश में मजदूरी करने जाता है और कुछ साल मजदूरी कर के वहां पर एक जमीन खरीदता है। धीरे-धीरे वो वहां पर एक बड़ा जमींदार बन जाता है। इसके साथ ही साथ वह दूसरे लोगों को भी ऊपर उठाता है। आज जहाँ बिहार का उसका गाँव अभी भी बहुत अच्छी हालत में नहीं है, वहीँ पर उसने उस दूसरे देश में एक शहर ही बसा दिया है और उसके वहां पर कई व्यवसाय चल रहे हैं। लेकिन फिर भी हम समृद्धी को देखते हुए उनके शोषण के दर्द को दरकिनार नहीं कर सकते। क्योंकि उन लोगों ने वहां पर जो सहा, जो झेला वो मामूली नहीं था।

Sunday, 28 January 2018

आधुनिक परिवेश में प्राचीन भारतीय ज्ञान के दर्शन कराती 'द कृष्णा की' (कृष्ण कुंजी)


The Krishna Key
अश्विन सांघी के बारे में मैंने अखबारों व मैग्जीनों में काफी पढ़ा हुआ था। लेकिन अभी तक मैंने इनके द्वारा लिखी गयी कोई किताब नहीं पढ़ी थी। पिछले महीने मैंने इनकी किताब 'द कृष्णा की (कृष्ण कुंजी) को पढ़ना शुरू किया। इस किताब को चुनने का मुख्य कारण इसका टाइटल ही था। जो कि भगवान कृष्ण के साथ जुड़ा हुआ था। जब मैंने इसे पढ़ना शुरू किया तो कुछ ही पन्ने पढ़ने के बाद मैं रोमांचित हो उठा और आगे पढ़ने पर कई रोचक तथ्य सामने आते चले गये। इस किताब में लेखक ने आधुनिक समय की कहानी के साथ-साथ प्राचीन इतिहास खासकर महाभारत के समय काल (सिंधु घाटी सभ्यता) व उस दौर की कथाओं का भी वर्णन किया है जो इसे और भी मजबूत स्तंभ प्रदान करता है। इन सब के बीच में भगवान कृष्ण बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका में और इस पूरे किताब के केंद्र में हैं।

हममें से बहुत लोगों ने आज तक अध्यात्म, धर्म व विज्ञान को एक नजरिये से कभी भी नहीं देखा है। कुछ लोग धर्म को सर्वश्रेष्ठ मानते हैं, वहीं कुछ विज्ञान को महत्व देते हैं। इन सभी के लिए तो ये दोनों, दो धूरियों पर स्थित अलग-अलग बिंदु हैं, जिनका कभी मिलन हो ही नहीं सकता। लेकिन इस किताब को पढ़ने के बाद लोगों की सोच शायद बदल जाये। इसमें लेखक ने आधुनिक विज्ञान व वैदिक ज्ञान के बीच के संबंधों को खोज निकला है और इन संबंधो को ठोस तर्कों का प्रयोग करते हुए प्रस्तुत किया है। जैसे कि एक जगह लेखक ने प्राचीन ऋषियों की साधना को और ॐ की ध्वनि के महत्व को विज्ञान की भाषा में समझाया है। इसी तरह के कई और भी संबंध हमें इस किताब में पढ़ने को मिलेंगे। बेशक उनके लिए ये कोई आसान काम नहीं रहा होगा, इसके लिए लेखक ने बहुत शोध और गहन विचार किया होगा। जिसका नतीजा ये शानदार किताब आज हमारे बीच मौजूद है, जो कि हमें दोबारा सोचने व खोजने पर मजबूर कर देती  है। सिंधु घाटी सभ्यता के अलावा लेखक ने दूसरे कालों व स्थानों के बारे में भी बेहतरीन तथ्य प्रस्तुत किये हैं। जैसे कि द्वारिका, सोमनाथ, कैलाश, आगरा, ताजमहल, राजस्थान इन सभी स्थानों के बारे में भी काफी कुछ बताया गया है और ये सब कहानी से ही सरोकार रखते हैं।  इसके साथ-साथ हमें इस किताब में अंकों, नक्शों व चिह्नों का भी अद्भुत खेल देखने को मिलेगा। इन सभी अंकों के पैटर्नों व चिह्नों का संबंध भी प्राचीन भारतीय सभ्यता से जुड़ा हुआ है और इनका प्रयोग इस किताब को और भी रोचक बना देता है।

हम सभी इतना तो जानते हैं कि हमारा प्राचीन ज्ञान-विज्ञान बहुत ही समृद्ध रहा है, लेकिन हम अपना ज्ञान धीरे-धीरे भूलते चले गये और दूसरों के पीछे-पीछे चलने लगे। ये सब जानते हुए भी हम इससे अनजान बनते हैं और आज भी हमारे देश में वेदों, पुराणों के अध्ययन को धर्म से जोड़कर देखा जाता है, न कि एक ज्ञान के स्रोत के रूप में। हमारे इस प्राचीन ज्ञान के महत्व को अश्विन सांघी ने एक पुस्तक के माध्यम से उजागर किया है। भले ही ये किताब एक फिक्शन बुक हो, लेकिन इसके माध्यम से हमें अपने इतिहास व संस्कृति से जुड़ने का मौका मिलता है।

Sunday, 17 December 2017

कठिन परिस्थितियों में पनपे विचारों को बतलाती ऐन की डायरी


'द डायरी आॅफ ए यंग गर्ल', दुनिया की सबसे चर्चित डायरी और द्वितीय विश्व युद्ध के महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक। एक 14-15 साल की यहूदी लड़की ऐन फ्रैंक द्वारा लिखी गयी इस डायरी में, सिर्फ रोजाना की घटनाओं का वर्णन भर ही नहीं है। बल्कि इसमें उन सभी लोगों का दर्द छिपा हुआ है; जिन्होंने उस दौरान एक ऐसे समय को झेला था, जहाँ पर उन सभी की इंसानी मान्यता न के बराबर थी। इस डायरी में एक लड़की की आंतरिक भावनायें छुपी हैं, वो अहसास छिपा है जिसे उसकी चाहत थी। 

1942 का साल, द्वितीय विश्व युद्ध के शुरू हुए तीन साल हो चुके थे और एडोल्फ हिटलर पूरे यूरोप में यहूदियों के खिलाफ अभियान शुरू कर चुका था। इसी साल 12 जून को ऐन को उनके जन्मदिन पर अपने पिता से एक लाल रंग की डायरी उपहार में मिलती है और वो डायरी लिखना शुरू कर देती हैं। ये डायरी उनके सबसे अच्छे तोहफों में से एक थी। क्योंकि अभी तक उनके पास कोई ऐसा नहीं था, जिससे वो अपनी हर बात कह सके। लेकिन अब उनके पास उनकी 'किटी' थी, जैसा कि वो डायरी को संबोधित करती हैं। इस डायरी में उन्होंने यहूदियों पर लगाई गयी पाबंदियों के बारे में लिखा है, " यहूदियों को पीला सितारा लगाना होता था, उन्हें कार से चलने की मनाही थी चाहे वो उनकी अपनी ही क्यों न हो, यहूदी थिएटर नहीं जा सकते थे "। इससे पता चलता है कि उस समय यहूदी आजाद होते हुए भी आजाद नहीं थे। फिर भी उस समय वो अपने घर पर तो रह सकते थे। लेकिन ऐसा समय ज्यादा दिन तक नहीं रहा। कुछ महीनों बाद जर्मन सेना नीदरलैंड पहुँची और उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। जर्मन सेना से बचने के लिए वो अपने परिवार के साथ ऐम्सटर्डम की उस इमारत के ऊपरी हिस्से में किताबों की आलमारी के पीछे छिपने चली गयीं, जहाँ उनके पिता काम करते थे। यहाँ पर ऐन के परिवार के अलावा उनके साथ एक और परिवार उस छोटी सी जगह में छिपा रहा। इस जगह पर छिपने के लिए ऐन के पिता आॅटो फ्रैंक के कुछ ईसाई दोस्तों ने उनकी मदद की।

इस छोटी सी बंद जगह पर ये आठ लोग सालों तक रहे। यहाँ से वो न तो कहीं बाहर जा सकते थे और न ही कुछ चुने हुए लोगों के अलावा किसी से बात कर सकते थे। ऐन अपनी डायरी में उस जगह को अनेक्स कह कर बुलाती हैं। अनेक्स में रहते हुए ये सभी कई बार ऐसे समय से गुजरे, जब उन्हें बिना बोले, बिना हिले-डुले पूरा दिन गुजारना पड़ता था। इस डायरी में अनेक्स में मनाये जाने वाले उत्सवों व अक्सर होने वाले आपसी झगड़ों के बारे में भी पता चलता है। जो यहाँ होना लाजमी था। इसके अलावा उन्होंने हमेशा होने वाले गोला, बारूदों व गोलियों के आवाजों की चर्चा भी की है। जिसकी तेज आवाजों से उस जगह पर सोना भी दुसवार था। 

इस डायरी को पढ़ने पर ये कभी नहीं लगता कि ये डायरी एक चौदह साल की लड़की के द्वारा लिखी गयी है। यहाँ पर उन्होंने अपने कुछ ऐसे विचारों को साझा किया है, जो एक बहुत अनुभवी विचारक ही सोच सकता है। जिसने पूरी दुनिया देखी हो व अलग-अलग परिस्थितियों का सामना किया हो। मेरा ऐसा मानना है कि एक बंद जगह पर रहते हुए और वहाँ पर खुद को अलग पाकर, ऐन के विचारों में परिपक्वता जल्दी आयी हो। इस डायरी के माध्यम से उन्होंने अपने आप को पूरा खोल कर रख दिया। जो शायद आसान बात नहीं थी और ऐसे शख्स के लिए तो बिल्कुल भी नहीं, जो हर वक्त एक डर के साथ जी रहा हो। 'कागज में लोगों से ज्यादा धीरज होता है' , ये कहकर ऐन अपनी डायरी के बहुत ही करीब दिखायी पड़ती हैं।

अनेक्स में ये आठों लोग करीब दो सालों तक छिपे रहे। अगस्त 1944 में किसी ने उन लोगों के छुपे होने की खबर दे दी और उन सभी लोगों को बंदी शिविर में डाल दिया गया। साथ ही उनकी मदद करने वाले ईसाई दोस्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। फरवरी के आखिर में बंदी शिविर में फैले टाइफस के कारण ऐन फ्रैंक की मृत्यु हो गयी। उन आठ लोगों में से एक अकेले आॅटो फ्रैंक ही थे, जो उस बंदी शिविर से जिंदा बचकर निकले थे। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी के विचारों को पूरी दुनिया तक पहुँचाया।

ऐन फ्रैंक बहुत छोटी सी ही उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह गयी, लेकिन उनके विचार, अलग अलग लोगों के प्रति उनका नजरिया, दुनिया के प्रति उनकी समझ व उनकी कलात्मक दृष्टि अभी भी ज़िन्दा है। उनकी डायरी के माध्यम से युद्ध के दौरान का वो खौफनाक मंजर अभी भी हमारे सामने बिल्कुल वैसा ही दिखायी पड़ता है।

Saturday, 16 December 2017

वो मेजर जिसने एक पैर न होने के बावजूद भी सेना को कमांड किया


आज का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि आज ही के दिन सन् 1971 में भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त दी थी और पूर्वी पाकिस्तान को आजाद कराया था। जिसके फलस्वरूप बांग्लादेश अस्तित्व में आया। पूरे देश में हम 16 दिसम्बर को विजय दिवस के रूप में मनाते हैं। उस समय पाकिस्तानी बलों के कमांडर जनरल ए.ए.के. नियाजी ने भारत के पूर्वी सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जगत सिंह अरोड़ा के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसके बाद 93000 पाकिस्तानी सैनिकों को युद्ध बंदी बनाया गया।

1971 के इस युद्ध में करीब 3,900 भारतीय सैनिक शहीद हो गये थे और 9,851 सैनिक घायल हुए थे। हमारे देश के हर एक सैनिक ने दुश्मन का जाबांजी से मुकाबला किया और अपनी वीरता का परिचय दिया। उन्हीं जाबांज सैनिक में से एक थे मेजर जनरल इयान कारदोज़ो, जो उस समय मेजर के पद पर थे। इस युद्ध में उन्होंने अपना एक पैर खुद ही काट डाला था।

युद्ध के दौरान मेजर कारदोज़ो का पैर लैंडमाइन पर पड़ गया, जिसकी वजह से उनका एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। जब वो डाॅक्टर के पास गये, तो उन्होंने डाॅक्टर से माॅरफीन माँगा‌‍। लेकिन माॅरफीन तो खत्म हो चुकी थी। फिर उन्होंने वहाँ मौजूद एक सैनिक से कोई काटने वाली चीज लाने को कहा। वो सैनिक जब खुखरी लेकर उनके पास पहुँचा, तो उन्होंने उससे अपना पैर काटने को कहा। लेकिन सैनिक ने कहा कि ये मुझसे नहीं हो पायेगा। तब उन्होंने खुद ही खुखरी उठायी और अपना पैर काट डाला। ऐसा करना बेशक आसान काम नहीं था, लेकिन उस समय उन्होंने वो हिम्मत दिखायी और वीरता की मिशाल कायम की।

मेजर कारदोज़ो यहीं नहीं रूके, एक पैर गँवाने के बावजूद भी उनके अन्दर सैनिकों वाला जज्बा अभी भी कायम था। वो फौज में अपनी सेवा जारी रखना चाहते थे। लेकिन अंग नष्ट होने के कारण उनका सेना में बना रहना मुश्किल था। इसके लिए उन्होंने नकली पैर लगाकर ही कड़ी मेहनत की और खुद को साबित किया। कई चरणों से गुजरने के बाद वे मेजर जनरल के ओहदे तक पहुँचे। वे भारतीय सेना के पहले ऐसे अधिकारी बने, जिसने अंग नष्ट होने के बावजूद भी सेना के बटालियन और ब्रिगेड का कमांड किया और सेना मेडल से नवाजे जाने वाले पहले अधिकारी भी मेजर जनरल कारदोज़ो ही थे। उनके इस हौसले व जज्बे ने उन सैनिकों के लिए राह आसान कर दी, जो अंग नष्ट होने के बावजूद भी देश की सेवा करते रहना चाहते हैं। उन्होंने ये दिखा दिया कि शारीरिक अक्षमता भी एक सैनिक को देश की सेवा करने से रोक नहीं सकती।


                                                                                                  ( फोटो - विकिपीडिया )