Wednesday 9 August 2017

तारा पान सेंटर - पांच हजारी पान की दुकान

भारत में पान खाने का एक अलग ही क्रेज है और इसके शौकीन देश के हर हिस्से में मौजूद हैं। बहुतों के लिए यह माउथ फ्रेशनर के तौर पर खाया जाता है, तो बहुतों के लिए यह नशा भी है।
       
      अमूमन हमारी नजर में पान की कीमत दस, बीस रूपये या फिर अधिकतम पचास या सौ रूपये हो सकती है। लेकिन औरंगाबाद के तारा पान सेंटर में एक ऐसा पान मिलता है, जिसकी कीमत 5000 रूपये है और इस पान का नाम है 'कोहिनूर पान' ।
            
        ये कोहिनूर पान जोड़ों में बेचे जाते हैं और ये दो तरह के होते हैं। एक पुरूषों के लिए, दूसरा महिलाओं के लिए। अब ऐसा क्या है इस पान में जो इसे इतना महँगा बनाता है, तो हम आपको बताते हैं कि वो कौन-कौन सी चीजें हैं, जो इस कोहिनूर पान को पाँच हजारी बनाती हैं। पुरूषों वाले पान में ₹ 70 लाख प्रति किलोग्राम वाली कस्तूरी, ₹ 2 लाख प्रति किलोग्राम वाला केसर, ₹ 80,000 प्रति किलोग्राम वाला गुलाब, और ₹ 7 लाख प्रति किलोग्राम वाला 'अगर' नाम का एक लिक्विड फ्रेगरेंस, जो कि सिर्फ पश्चिम बंगाल में मिलता है, इस कोहिनूर पान में पड़ता है। इन सब के अलावा इसमें एक सीक्रेट इंग्रेडीयेंट्स भी पड़ता है, जिसका राज इस पान सेन्टर के मालिक मुहम्मद सैफुद्दीन सिद्दीकी ने छुपा कर के रखा है। वहीं जो पान महिलाओं के लिए होता है, उसमें गुलाब, सफेद मुसली जिसकी कीमत करीब ₹ 6000 प्रति किलोग्राम है और केसर डाला जिसकी मात्रा थोड़ी कम होती है। सैफुद्दीन साहब के अनुसार इस पान का प्रभाव दो दिनों तक बना रहता है।
       
         इस दुकान से लोग पान पैक करा कर भी ले जाते है और यहाँ पर इसे बड़े ही अच्छे तरीके से रंगीन डिब्बे में पैक कर के दिया जाता है और वो भी इत्र की बोतल के साथ में। ये देखने में बिल्कुल ऐसा लगता है, जैसे कि कोई गिफ्ट पैक किया गया हो। औरंगाबाद का यह मशहूर पान सेंटर करीब तीन दशकों से है और इस दुकान का पान भारत के बाहर दूसरे देशों जैसे, कुवैत, सऊदी अरब व दुबई में भी भेजा जाता है।

       ऐसा नहीं है कि यहाँ पर सिर्फ कोहिनूर पान ही मिलता है, यदि ऐसा होता तो यहाँ पर सिर्फ रईस लोग ही पान खाने आते। लेकिन यहाँ पर छोटे-बड़े हर लोग आते हैं और इस दुकान में हर वक्त भीड़ लगी रहती है। यहाँ मिलने वाली पान की रेंज पाँच रूपये से शुरू होकर पाँच हजार तक है। कोहिनूर पान के अलावा यहाँ पर राजा-रानी मसाला पान, हनीमून मसाला पान भी काफी मशहूर है।

                                                                                                                               ( PHOTO - TABLEHOPPER )